धर्म

अग्रवाल समाज अब केवल वोट बैंक नहीं, राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा: विनीत अग्रवाल शारदा

बागपत की विशाल सभा में गूंजा राष्ट्रवाद का संकल्प, मेरठ में बन रहा 'अग्रसेन धाम' बनेगा सनातन संस्कृति का नया तीर्थ

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रमुख श्री विनीत अग्रवाल शारदा आज बागपत पहुंचे, जहां उन्होंने अग्रवाल समाज और व्यापारी वर्ग की एक विशाल जनसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (बागपत) के जिला अध्यक्ष श्री अभिमन्यु गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में समाज की एकजुटता और राष्ट्रवाद पर विशेष बल दिया गया। अपने ओजस्वी संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने स्पष्ट किया कि अग्रवाल समाज अब किसी भी राजनीतिक दल का केवल वोट बैंक नहीं रहेगा, बल्कि देश को दिशा देने वाली एक संगठित, जागरूक और निर्णायक शक्ति के रूप में कार्य करेगा।

मेरठ में सामाजिक एकता का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा ‘अग्रसेन धाम’

विनीत शारदा ने कहा कि भगवान श्रीराम की मर्यादा, श्रीकृष्ण की नीति और महाराजा अग्रसेन की समाजवाद व समरसता की ‘एक ईंट-एक रुपया’ की भावना ही भारत को पुन: विश्वगुरु बनाएगी। उन्होंने घोषणा की कि हरियाणा के अग्रोहा धाम की तर्ज पर मेरठ में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट द्वारा निर्मित हो रहा ‘अग्रसेन धाम’ उत्तर प्रदेश में सनातन संस्कृति का नया तीर्थ बनेगा। इस धाम में महाराजा अग्रसेन व माँ लक्ष्मी के भव्य मंदिरों के साथ 51 फुट ऊंची हनुमान प्रतिमा, वृद्धाश्रम, 50 बेड का आधुनिक निःशुल्क अस्पताल, वीवीआईपी फ्लैट्स और भव्य यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है, जो सामाजिक सेवा और संस्कारों का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा।

पार्टी मेरी माँ और व्यापारी समाज मेरी आत्मा; कानून व्यवस्था पर जताया भरोसा

भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “राष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है, तो व्यापारी और अग्रवाल समाज मेरी आत्मा है। व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए मेरा खून का एक-एक कतरा समर्पित है।” बड़ौत में व्यापारियों की हत्या के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अपराधियों को कानून के तहत सख्त सजा सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कड़ा कानून का राज स्थापित है। उन्होंने सावन मास और कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन से श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्थाओं का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित करने की भी मांग की।

संगठन का छह क्षेत्रों में विस्तार और शोक संतप्त परिवार से भेंट

संगठन की मजबूती पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का विस्तार उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों—पश्चिम, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर और काशी में करके कार्यकारिणी गठित की जा रही है। सभा के उपरांत, विनीत शारदा बड़ौत के अग्रवाल समाज के दिवंगत अध्यक्ष रवि गर्ग (बिट्टू) के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button