
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
इंडियन बैंक ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में डिजिटल बैंकिंग की दुनिया में अपनी तकनीकी ताकत का प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत बैंकिंग और कैश मैनेजमेंट के लिए कई नए डिजिटल समाधान लॉन्च किए। बैंक की इन पहलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वॉयस कमांड और स्मार्ट वित्तीय प्रबंधन का ऐसा मेल दिखाई दिया, जो बैंकिंग को अधिक आसान, तेज और ग्राहक-केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
बैंक का प्रमुख आकर्षण ‘एआई-तारा’ यानी ट्रस्टेड रिलेशनशिप असिस्टैंट रहा। यह संवादात्मक वॉयस बैंकिंग समाधान ग्राहकों को 10 भाषाओं में आवाज के जरिए बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच देता है। फंड ट्रांसफर, आईएमपीएस और फिक्स्ड डिपॉजिट खोलने जैसी सेवाएं वॉयस कमांड के माध्यम से हासिल की जा सकती हैं। इससे उन ग्राहकों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है, जो मोबाइल बैंकिंग एप्लीकेशन के इस्तेमाल में सहज नहीं हैं। वरिष्ठ नागरिकों और सीमित डिजिटल अनुभव वाले ग्राहकों के लिए यह सुविधा डिजिटल बैंकिंग की दूरी कम करने वाली पहल बन सकती है।
इंडियन बैंक ने इंडस्मार्ट पर उपलब्ध ‘स्मार्ट वेल्थ’ को भी प्रदर्शित किया। यह पर्सनल फाइनेंस मैनेजमेंट मॉड्यूल ग्राहकों के बैंक खाते, म्यूचुअल फंड, डिपॉजिट, इक्विटी, ईटीएफ और एनपीएस जैसे विभिन्न वित्तीय साधनों की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। खर्च का विश्लेषण और वित्तीय स्थिति के आधार पर व्यक्तिगत सुझाव इसकी उपयोगिता को और बढ़ाते हैं।
कॉरपोरेट और संस्थागत ग्राहकों के लिए बैंक ने ‘इंड कैश ऑप्टिमा’ लॉन्च किया। यह डिजिटल कैश मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म डिजिटल कलेक्शन, पेपरलेस कॉरपोरेट ऑनबोर्डिंग, मोबाइल आधारित कैश मैनेजमेंट और इनवॉइस-टू-पेमेंट जैसी सुविधाओं को एकीकृत करता है। इससे कारोबारियों को बेहतर निगरानी, सुविधा और प्रभावी रिकन्सिलिएशन मिल सकेगा।
इंडियन बैंक के एमडी एवं सीईओ बिनोद कुमार ने कहा कि बैंक तकनीक के माध्यम से बैंकिंग को सरल, सुगम और ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एआई-तारा जैसी पहल डिजिटल दक्षता की बाधाओं को कम कर हर वर्ग के ग्राहक को बैंकिंग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



