धर्म

हरतालिका तीज पर राजा बाजार और सुभाष मार्केट में उमड़ा आस्था का सैलाब

कृष्णा छलिया ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बटेश्वर महादेव मंदिर के बैनर तले हुआ आयोजन, गणेश वंदना और देवी-देवताओं की झांकियों ने मोहा मन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ। भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह की स्मृति से जुड़ा हरतालिका तीज पर्व राजा बाजार और सुभाष मार्केट क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने मिलकर आयोजित इस धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और भगवान शिव-पार्वती के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए के वी. फूड्स के मालिक अमित अग्रवाल ने बताया कि राजा बाजार और सुभाष मार्केट के व्यापारी एवं स्थानीय निवासी हर वर्ष हरतालिका तीज को मिल-जुलकर उत्साह के साथ मनाते हैं। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक परंपरा के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की मजबूत मिसाल बन चुका है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए कृष्णा छलिया ग्रुप द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम में गणेश वंदना के साथ भगवान विष्णु, भगवान हनुमान और अन्य देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत की गईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया।

अमित अग्रवाल ने बताया कि हरतालिका तीज के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पेठे का भोग भी लगाया जाता है। धार्मिक श्रद्धा के साथ प्रसाद वितरण की यह परंपरा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहती है।

उन्होंने कहा कि सुभाष मार्ग स्थित बटेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को एक मंच पर लाना भी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन में उत्साह और सहभागिता देखने को मिली।

हरतालिका तीज भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और पारिवारिक सुख-समृद्धि की मंगलकामना का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। राजा बाजार और सुभाष मार्केट में आयोजित यह समारोह आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करता नजर आया।

Related Articles

Back to top button