बिज़नेस

टीकाउल ने भारत सरकार को दिया 43.86 करोड़ रुपये का लाभांश,

वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन से लहराया परचम

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी और नवरत्न की राह पर अग्रसर टेलीकॉम कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (टीसीआईएल) ने देश की आर्थिक प्रगति में एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता का लोहा मनवाया है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए भारत सरकार को 43.86 करोड़ रुपये के भारी-भरकम लाभांश (डिविडेंड) का चेक सौंपा है।

केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में हुआ ऐतिहासिक चेक सुपुर्द

दूरसंचार मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, टीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सैयद तौसीफ अब्बास ने यह लाभांश चेक केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को औपचारिक रूप से भेंट किया। इस अवसर पर दूरसंचार विभाग (DoT) के सचिव श्री अमित अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राजस्व और मुनाफे में अभूतपूर्व छलांग

अगस्त 1978 में स्थापित और दूरसंचार विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन कार्य करने वाली टीसीआईएल में भारत सरकार की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अपनी आर्थिक सुदृढ़ता का परिचय देते हुए 3,335 करोड़ रुपये का प्रभावशाली परिचालन राजस्व (ऑपरेटिंग रेवेन्यू) अर्जित किया और 146 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) दर्ज किया।

पिछले पांच वर्षों में 115 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि

कंपनी के विकास ग्राफ पर नजर डालें तो पिछले पांच वर्षों में टीसीआईएल के राजस्व में 115 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2021-22 में जो राजस्व 1,596 करोड़ रुपये था, वह बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 3,442 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को छू गया है। टीसीआईएल अब तक सरकार को कुल मिलाकर 4,146 करोड़ रुपये का संचयी लाभांश दे चुकी है, जिसमें वित्त वर्ष 2024-25 का 3,728 करोड़ रुपये का विशेष लाभांश भी शामिल है।

वैश्विक पटल पर भारत की तकनीकी धमक

दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश की शान बढ़ाने वाली टीसीआईएल ने दुनिया के 70 से अधिक देशों में अपनी परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया है। वर्तमान में सऊदी अरब, कुवैत, ओमान, मॉरीशस, भूटान और नेपाल के अलावा 15 से अधिक अफ्रीकी देशों में पैन अफ्रीका ई-विद्या भारती और आरोग्य भारती नेटवर्क जैसी प्रतिष्ठित परियोजनाएं इसकी वैश्विक साख का जीवंत प्रमाण हैं।

देश के भीतर भी कंपनी रक्षा एनएफएस प्रोजेक्ट, नौसेना ओएफसी प्रोजेक्ट, भारतनेट चरण-III और बीएसएनएल सुपर एज राउटर जैसी अति-महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।

Related Articles

Back to top button