स्वतंत्रता दिवस पर केजरीवाल की जगह ध्वजारोहण नहीं कर पाएंगी आतिशी

दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को विवादों में घसीटने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कुछ दिनों पहले आप नेताओं ने यह दावा किया कि दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी इस बार राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल को एक पत्र भी लिखा था।
हालांकि, तिहाड़ जेल अधीक्षक द्वारा जारी एक पत्र ने आप नेताओं के इस दावे को झूठा साबित कर दिया है। तिहाड़ जेल अधीक्षक के अनुसार, मुख्यमंत्री कोई भी शासकीय निर्देश या पत्र जेल से नहीं लिख सकते हैं।
इसके बावजूद, मंत्री गोपाल राय ने एक और दावा किया है कि आतिशी ध्वजारोहण करेंगी, और इसके लिए संबंधित विभाग को तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि इस आदेश का कोई संवैधानिक आधार नहीं है और इसे असंवैधानिक करार दिया है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि उपराज्यपाल को इस मामले में संविधान विशेषज्ञों से परामर्श करके निर्णय लेना चाहिए।



