राष्ट्रीय

दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप: एंबिएंस और चाणक्य समेत कई मॉल को मिली धमकी, पुलिस अलर्ट पर

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को एक बार फिर बम धमकी का मामला सामने आया है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है। दिल्ली के प्रमुख शॉपिंग मॉल्स, जिनमें चाणक्य मॉल, सेलेक्ट सिटीवॉक, एंबिएंस मॉल, डीएलएफ, सिनेपोलिस, पैसिफिक मॉल, प्राइमस हॉस्पिटल और यूनिटी ग्रुप शामिल हैं, को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इस ईमेल में कहा गया है कि कुछ घंटों में इन स्थानों पर विस्फोटक फट जाएगा।
जैसे ही मॉल के अधिकारियों को यह मेल प्राप्त हुआ, उन्होंने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। हालांकि, अब तक किसी भी मॉल में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, फिर भी पुलिस की जांच पूरी सतर्कता के साथ जारी है।
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली में इस तरह की धमकी दी गई है। इससे पहले 12 मई को भी “कोर्ट ग्रुप” नामक आरोपियों ने दिल्ली के कई बड़े अस्पतालों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे थे। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर के 200 से अधिक स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इन सभी मामलों की जांच अभी भी जारी है, और अब ताजा धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। पुलिस द्वारा सभी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं, और हर संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Related Articles

Back to top button