राष्ट्रीय
मुंबई: चेंबूर में दर्दनाक हादसा, आग से परिवार के सात लोगों की मौत, तीन बच्चे भी शामिल

मुंबई के चेंबूर इलाके में रविवार सुबह एक बड़े हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एएन गायकवाड़ मार्ग पर स्थित एक दुकान में आग लगने से ऊपर के मकान में रह रहे एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित पूरा परिवार आग की चपेट में आ गया।
दुकान में लगी आग ने ली परिवार की जान
घटना चेंबूर की सिद्धार्थ कॉलोनी के एएन गायकवाड़ मार्ग पर सुबह 5 बजे घटी। बीएमसी ने जानकारी दी कि आग ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक दुकान में लगी थी, जिसके ऊपर मकान में परिवार रहता था। देखते ही देखते आग मकान तक पहुंच गई, जिसमें पूरे परिवार की जान चली गई। मृतकों की पहचान पारिस गुप्ता (7 वर्ष), नरेंद्र गुप्ता (10 वर्ष), मंजू प्रेम गुप्ता (30 वर्ष), प्रेम गुप्ता (30 वर्ष), अनिता गुप्ता (30 वर्ष), विधि चेदीराम गुप्ता (15 वर्ष), और गीता देवी धर्मदेव गुप्ता (60 वर्ष) के रूप में हुई है।
बिजली के तारों से फैली आग
एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल का उपयोग दुकान के रूप में किया जा रहा था, जबकि ऊपर का हिस्सा आवासीय था। आग की शुरुआत दुकान में बिजली के तारों और अन्य उपकरणों में हुई, जो जल्दी ही मकान तक फैल गई।




