राष्ट्रीय
धौलपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस ने टेंपो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 12 लोगों की मौत

राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक भयानक सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा एनएच-11बी पर सुनिपुर गांव के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने सामने से आ रहे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टेंपो में सवार 12 लोग, जिनमें आठ बच्चे और तीन महिलाएं शामिल थीं, इस दुर्घटना का शिकार हो गए। इस हादसे में एक पूरा परिवार खत्म हो गया, जबकि मृतक के भाई के दो बेटे भी दुर्घटना में मारे गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर हृदयविदारक दृश्य देखने को मिले, और वहां चीख-पुकार मच गई।
पूरा परिवार खत्म
इस दिल दहलाने वाली दुर्घटना में एक ही परिवार के आठ बच्चों, तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। मृतकों में इरफान उर्फ बंटी (38), उनकी पत्नी जूली (34), और उनके बच्चे आसमा (14), सलमान (8), और साकिर (6) शामिल हैं। इसके अलावा इरफान के भाई आसिफ के दो बेटे सानिफ (9) और अजान (5) की भी इस हादसे में जान चली गई। वहीं, जरीना (35), पत्नी नहनू, उनकी बेटियां आसियाना (10) और सूफी (7) के साथ-साथ परवीन (32) और उनके बेटे दानिश (10) की भी मौत हो गई।
शादी समारोह से लौटते वक्त हादसा
जानकारी के अनुसार, बाड़ी शहर के गुमट मोहल्ले में रहने वाले नहनू पुत्र गफूर खान अपने परिवार के साथ सरमथुरा थाना क्षेत्र के बरौली गांव में एक भात कार्यक्रम (शादी समारोह की रस्म) में शामिल होने गए थे। देर रात परिवार के सभी सदस्य टेंपो में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी धौलपुर से जयपुर जा रही तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने सुनिपुर गांव के पास टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही 12 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।




