राष्ट्रीय

महाराष्ट्र चुनाव में सीएम योगी का हमला: ‘खरगे जी, अपने गांव की त्रासदी याद करें, वोटों के लिए न भूलें’

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति में कांग्रेस गठबंधन ने सच्चाई को छुपाने का प्रयास किया है। योगी ने 1948 की त्रासदी का उल्लेख करते हुए खरगे के गांव की घटना को याद दिलाया, जब हैदराबाद के निजाम के रजाकारों ने खरगे के गांव पर हमला कर दिया था, जिसमें उनके परिवार को भारी नुकसान पहुंचा था।

सीएम योगी ने कहा, “खरगे जी, मुझ पर गुस्सा मत होइए, यदि आपको गुस्सा करना है तो उन लोगों पर करें जिन्होंने आपके गांव को जलाया और आपके परिवार को नुकसान पहुंचाया।” उन्होंने कहा कि खरगे को इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए और इसे देश के सामने पेश करना चाहिए। योगी ने कहा कि खरगे इस सच्चाई को स्वीकार करने से बचते हैं ताकि मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन न खो दें।

योगी आदित्यनाथ ने महा विकास आघाड़ी (MVA) पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि MVA ने महाराष्ट्र को ‘लव जिहाद’ और ‘भूमि जिहाद’ का केंद्र बना दिया है। इसके साथ ही सीएम योगी ने खरगे के ‘सच्चा योगी’ वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके लिए राष्ट्र पहले आता है, जबकि खरगे के लिए तुष्टिकरण की राजनीति।

यह बयान तब आया जब खरगे ने कहा था कि “एक सच्चा योगी कभी ‘बटेंगे तो कटेंगे’ जैसी भाषा का प्रयोग नहीं करेगा।” योगी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, “मैं एक योगी हूं, मेरे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।”

Related Articles

Back to top button