₹100 में फिजियोथेरेपी सेवा शुरू, सस्ती चिकित्सा की दिशा में बड़ा कदम
महाराजा अग्रसेन चिकित्सालय में गरीबों को राहत, पैथोलॉजी जांच पर भी विशेष छूट

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ। राजधानी के मोतीनगर स्थित महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ चिकित्सालय ने आमजन को राहत देने की दिशा में एक नई पहल करते हुए विशेष फिजियोथेरेपी सेवा का शुभारंभ किया है। शुक्रवार, 15 मई 2026 से शुरू हुई इस सेवा के तहत मरीजों को मात्र ₹100 शुल्क में फिजियोथेरेपी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थान का दावा है कि यह सुविधा विशेष रूप से मध्यम वर्ग, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए लाभकारी साबित होगी।
चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार अस्पताल में पुरुष और महिला दोनों फिजियोथेरेपिस्ट उपलब्ध रहेंगे, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। सेवा का समय प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही पैथोलॉजी जांचों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जा रही है, जिससे मरीजों को कम खर्च में इलाज की सुविधा मिल सके।
अस्पताल की एक और विशेषता यह है कि यहां मात्र ₹20 के पर्चे में दवा सहित उपचार उपलब्ध कराया जाता है। संस्थान का कहना है कि उसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
अग्रवाल शिक्षा संस्थान के मीडिया प्रभारी सुधीश गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नई फिजियोथेरेपी सेवा सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी जनहित से जुड़ी सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में चेयरमैन विजय कुमार अग्रवाल, को-चेयरमैन विनोद कुमार अग्रवाल, तेजेन्द्र प्रकाश हवेलिया, लोकराम अग्रवाल, मनोज हवेलिया, राजीव अग्रवाल, नीलेश अग्रवाल (टाटा), राजेंद्र अग्रवाल, धर्मपाल अग्रवाल, डॉ. एस.पी. मौर्य, डॉ. ए. सहाय एवं अखंड भारत सम्राट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संस्थान की सराहना की।



