राष्ट्रीय
रामलीला के मंच पर कलाकार की हार्ट अटैक से मौत, अभिनय के दौरान अचानक गिर पड़े

दिल्ली के शाहदरा इलाके में रामलीला के मंचन के दौरान एक दुखद घटना घटी, जब भगवान राम की भूमिका निभा रहे कलाकार की मंच पर ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुशील कौशिक के रूप में हुई है, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे और शिव खंड, विश्वकर्मा नगर में रहते थे। सुशील कौशिक अपने जीवन में भगवान राम के भक्त थे और हर साल रामलीला में भगवान राम का किरदार निभाते थे।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सुशील रामलीला के दौरान मंच पर संवाद बोलते हुए अभिनय कर रहे थे। अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह दिल पर हाथ रखते हुए मंच के पीछे की ओर चले गए। मंच पर ही उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




