राष्ट्रीय

बिहार के सांसद पप्पू यादव को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने दिया 3 घंटे का अल्टीमेटम

बिहार के पूर्णिया से सांसद और जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह धमकी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने दी है। इस ऑडियो कॉल में पप्पू यादव को 3 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।
ऑडियो में धमकी का दावा
वायरल ऑडियो में लॉरेंस बिश्नोई का भाई खुद को पप्पू यादव का समर्थक बताते हुए उनके कार्यों की सराहना करता है, लेकिन बाद में उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। ऑडियो में यह भी सुना जा सकता है कि धमकी देने वाले ने कहा कि जब जेल से फोन किया तो उन्होंने कॉल क्यों नहीं उठाई। इसके बाद उसने पप्पू यादव को 3 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया। हालांकि, इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
पप्पू यादव ने कहा— पहले भी मिली है धमकी
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। यह अब तक का पाँचवाँ मामला है जब उन्हें ऐसी धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि एक बार तो कॉलर ने खुद को उनका निजी सहायक बताकर बातचीत रिकॉर्ड की थी।
पुलिस को दी शिकायत
पप्पू यादव ने इस मामले में बिहार पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को पत्र लिखकर जानकारी दी है और मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button