राष्ट्रीय

किशोर कुणाल के निधन पर शोक: सीएम योगी ने कहा- सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य और महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल का रविवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन से धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हार्ट अटैक से निधन
74 वर्षीय आचार्य किशोर कुणाल को रविवार सुबह कार्डियक अरेस्ट हुआ। उन्हें पटना के महावीर वात्सल्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है। अस्पताल परिसर में उनके बेटे शायन कुणाल, बहू व सांसद शांभवी और समधी व मंत्री अशोक चौधरी का रो-रोकर बुरा हाल है।

राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका
आचार्य किशोर कुणाल राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित थे। उन्होंने न केवल राम मंदिर निर्माण के लिए ₹10 करोड़ का दान दिया, बल्कि राम जन्मभूमि विवाद के मुकदमे में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। उनके नेतृत्व में महावीर ट्रस्ट ने राम मंदिर से सटे अमावा मंदिर का संचालन किया और 2019 से राम रसोई की शुरुआत की, जहां प्रतिदिन 5000 श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान
पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे किशोर कुणाल ने महावीर मंदिर ट्रस्ट के सचिव के रूप में समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने धार्मिक स्थलों के विकास और सेवा कार्यों के माध्यम से हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित किया।
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किशोर कुणाल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य, महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल जी का निधन सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
धार्मिक जगत में शोक की लहर
आचार्य किशोर कुणाल के निधन से धार्मिक जगत में अपूरणीय क्षति हुई है। उनके द्वारा शुरू किए गए कई सेवा कार्य उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखेंगे।

Related Articles

Back to top button