राष्ट्रीय

HIBOX Scam: रिया चक्रवर्ती को दिल्ली पुलिस ने भेजा समन, 500 करोड़ की धोखाधड़ी में हो सकती है पूछताछ

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने हाई बॉक्स एप घोटाला मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को जांच के लिए तलब किया है। रिया को बुधवार, 9 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके लिए उन्हें 3 अक्टूबर को समन जारी किया गया था।
यह घोटाला हाई बॉक्स एप नामक एक मोबाइल एप्लिकेशन से जुड़ा है, जिसने निवेशकों को अत्यधिक दैनिक रिटर्न का लालच देकर भारी धोखाधड़ी की। देशभर में इस एप ने 30 हजार से अधिक लोगों से करीब 500 करोड़ रुपये की ठगी की है, जिससे लोगों में खलबली मच गई है। अब तक 500 से अधिक शिकायतें इस मामले में दर्ज की गई हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस घोटाले में कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स के नाम सामने आ रहे हैं, जिन्होंने अपने सोशल मीडिया चैनलों पर इस एप का प्रचार किया था। पुलिस उपायुक्त (आईएफएसओ स्पेशल सेल) हेमंत तिवारी ने कहा कि “हाई बॉक्स एप एक सुनियोजित धोखाधड़ी योजना का हिस्सा था।” उन्होंने आगे कहा कि यदि रिया चक्रवर्ती जांच में शामिल नहीं होती हैं, तो उन्हें फिर से समन भेजा जाएगा।
पुलिस ने घोटाले के मास्टरमाइंड शिवराम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और उसके चार अलग-अलग बैंक खातों से 18 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। रिया चक्रवर्ती को यह समन यूट्यूबर एल्विश यादव और कॉमेडियन भारती सिंह को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के एक दिन बाद भेजा गया है।
इस घोटाले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तेजी से जांच कर रही है। हाई बॉक्स एप के जरिए 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी ने देशभर के लोगों को चौंका दिया है, और इसके पीछे छिपे सारे संदिग्ध चेहरे अब धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button