भक्ति का सैलाब: महेश नवमी पर उमा-महेश के जयकारों से गूंजा चौक, माहेश्वरी समाज ने निकाली भव्य प्रभात फेरी
आनंदी देवी मंदिर से कोनेश्वर महादेव तक जमी रौनक

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
नवाबों के शहर लखनऊ में माहेश्वरी समाज ने अपने वंश उत्पत्ति दिवस ‘महेश नवमी’ को बेहद अनूठे और भव्य अंदाज में मनाया। मंगलवार की अलसुबह पूरा चौक इलाका शिव-पार्वती के जयकारों से सराबोर हो उठा। प्रातः ठीक 7:30 बजे माता आनंदी देवी मंदिर में शीश नवाने के बाद भगवान उमा-महेश की अलौकिक शोभायात्रा शुरू हुई। पारंपरिक परिधानों में सजे समाज के परिवारों, महिलाओं और बच्चों ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए समां बांध दिया।

भंडारे और शरबत सेवा से जीता लखनऊ वालों का दिल
यह प्रभात फेरी जब कोनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, तो वहां का नजारा देखते ही बनता था। भोलेनाथ के विशेष पूजन-अर्चन के बाद समाज ने जनसेवा का बीड़ा उठाया। चिलचिलाती गर्मी में राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की बौछार कर दी गई और भव्य भंडारे का आयोजन हुआ। इस पुण्य कार्य में चौक के स्थानीय सभासद अनुराग मिश्रा ‘शालू टंडन’, हर प्रसाद अग्रवाल और उत्तम कपूर ने खुद खड़े होकर श्रमदान किया और व्यवस्था की कमान संभाली।
दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाया आयोजन का मान
शोभायात्रा में समाज के वीआईपी चेहरों का जमावड़ा रहा। गोविंद माहेश्वरी, विनम्र माहेश्वरी, निखिल माहेश्वरी, विनोद प्रकाश, राधेश्याम जाजू, शरद लाहोटी, दीपक, नितिन, प्रवीण, आशीष, किरण कालंद्री, रितु, कमल माहेश्वरी के साथ-साथ लखनऊ महिला मंडल और युवा परिषद के सुनील, संस्कार, श्याम और वेदांश सहित कई गणमान्य लोग पूरे जोश के साथ डटे रहे।

अब 25 जून को हजरतगंज में मचेगा ‘महा-धमाल’
समाज के मीडिया संयोजक विनोद माहेश्वरी ने एक और बड़ी ‘ब्रेकिंग न्यूज’ साझा की है। उन्होंने बताया कि असली पिक्चर तो अभी बाकी है! माहेश्वरी समाज आगामी 25 जून (बृहस्पतिवार) को हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया भवन (PWD मुख्यालय) में अपना ग्रैंड वार्षिकोत्सव मनाने जा रहा है। इस महा-उत्सव में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय सभापति, राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्वांचल के कई जिलों के दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बच्चों के धमाकेदार परफॉर्मेंस की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।




