
निश्चय टाइम्स न्यूज़ डेस्क
दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI) और एमएसएमई (MSME) के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ के ड्रीम वर्ल्ड रिसोर्ट में बुधवार को एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवोदित उद्यमियों और अपना स्टार्टअप शुरू करने की योजना बना रहे युवाओं को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और व्यापारिक चुनौतियों से निपटने के कारगर उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन सटीक मार्गदर्शन, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की सही जानकारी न होने के कारण कई विचार धरातल पर नहीं उतर पाते। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा दिखाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
सत्र के दौरान एमएसएमई क्षेत्र के तहत मिलने वाले ऋण, सब्सिडी, प्रशिक्षण, बाजार की आवश्यकताओं और लीगल कंप्लायंस जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने नए उद्योग स्थापित करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और उनके समाधान पर प्रतिभागियों के प्रश्नों के सीधे जवाब दिए।

कार्यक्रम में डिक्की अध्यक्ष मनीष वर्मा, एमएसएमई एनएसएचओ के एसजीएम विजय प्रकाश, वॉलमार्ट वृद्धि के जोनल मोबिलाइजेशन मैनेजर अंशुल गुप्ता, सिडबी से साउद इमरान तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी हरिश्चंद्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा अरविंद कुमार, डॉ. सतीश अंबेडकर, हरीश जयंत, तुषार सोनकर, देव मणि सरोज, भरत प्रसाद, निर्मल जीत, कृष्णा कुमार रघुवंशी, रजनीश आर्य, सुशील कुमार, रमन जी, ब्रजेश कुमार, सुधाकर वर्मा, कमल, अभिनव जी, प्रशांत आर्य, रामजी रावत, कुलदीप रावत, एस.आर. वर्मा, विक्रम, राजेश जी, नीतू जी और समस्त डिक्की परिवार के सदस्य शामिल हुए। कार्यशाला में प्रदेश भर से आए युवाओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया और उद्यमिता के नए अवसरों की जानकारी हासिल की।



