राष्ट्रीय

भारत के आर्थिक आधार ढाँचे को नई मजबूती:

MSME और MoSPI के बीच ऐतिहासिक समझौता

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |

देश के आर्थिक परिदृश्य को अधिक पारदर्शी, सशक्त और डेटा-संचालित बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक निर्णायक कदम उठाया है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय तथा सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य सांख्यिकीय व्यवसाय रजिस्टर (SBR) का विकास और राष्ट्रीय स्तर पर इसका सुदृढ़ीकरण करना है।

द्विपक्षीय API से सुदृढ़ होगा राष्ट्रीय डेटाबेस

समझौता ज्ञापन पर एमएसएमई मंत्रालय के अपर सचिव एवं विकास आयुक्त डॉ. रजनीश तथा सांख्यिकी मंत्रालय के अपर महानिदेशक डॉ. दलीप सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस तंत्र के अंतर्गत उद्यम पंजीकरण प्रणाली से प्राप्त इकाई-वार डेटा को दो-तरफ़ा सुरक्षित API के माध्यम से साझा किया जाएगा। यह एकीकृत व्यवस्था राष्ट्रीय सांख्यिकी व्यवसाय रजिस्टर (NSBR) के निर्माण में केंद्रीय स्तंभ की भूमिका निभाएगी।

डेटा विश्वसनीयता और व्यापकता में ऐतिहासिक सुधार

यह समझौता ज्ञापन व्यावसायिक जानकारी की व्यापकता, एकरूपता और विश्वसनीयता में अभूतपूर्व सुधार लाएगा। उद्यम पंजीकरण से संबंधित सटीक और संरचित डेटा उपलब्ध होने से देश की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई क्षेत्र के योगदान का यथार्थवादी और तथ्यात्मक आकलन संभव हो सकेगा।

‘सांख्यिकीय व्यवसाय रजिस्टर’ से सुदृढ़ होगी आर्थिक योजनाएं

सांख्यिकीय व्यवसाय रजिस्टर (SBR) एक केंद्रीय और नियमित रूप से अद्यतन होने वाला डेटाबेस है, जो देश के भीतर आर्थिक गतिविधियों में संलग्न सभी पंजीकृत इकाइयों का विवरण रखता है। यह आर्थिक सर्वेक्षणों के सटीक नमूना चयन, व्यावसायिक जनसांख्यिकी के विश्लेषण और नीति-निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button