
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित होटल में “अश्वमेघ धर्म ध्वज यात्रा” को लेकर भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कार्यक्रम में संतों, श्रद्धालुओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक जागृति, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्र निर्माण के संदेश को देशभर में पहुंचाना बताया गया।
कार्यक्रम में शिवाश्री ऋतु ने कहा कि यह यात्रा हरिहर स्वरूप और सनातन एकता का दिव्य अभियान है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की विजय में भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद रहा है और यही संदेश यह यात्रा पूरे देश में लेकर जाएगी। उन्होंने इसे समाज और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया।
अयोध्या से पहुंचे पूज्य जन्मेजय शरण जी महाराज और आचार्य डॉ. संतोष जी महाराज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संत जन्मेजय शरण ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं बल्कि मानव जीवन का आधार है। उन्होंने बताया कि “अश्वमेघ धर्म ध्वज यात्रा” का शुभारंभ 20 अक्टूबर को विजयदशमी के पावन अवसर पर किया जाएगा।
यह यात्रा चार चरणों में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से होकर गुजरेगी तथा कुल 11,800 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा पैदल, वाहन और ट्रेन के माध्यम से पूरी की जाएगी। हर चरण में अलग-अलग स्थानों पर अश्वमेध धर्म यज्ञ का आयोजन भी होगा।
कार्यक्रम में अमरजीत मिश्रा, वेद प्रकाश, चक्रवर्तुला रमणाचा और फिल्म निर्देशक दुष्यंत प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा युवाओं में धार्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक गर्व को मजबूत करेगी। थाईलैंड से विनोद हांडा ने भी इस अभियान को शुभकामनाएं भेजीं।



