मदर्स डे पर सिंधी युथ क्लब का सराहनीय कदम, बालिकाओं के लिए लगा HPV टीकाकरण शिविर
स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का अनूठा संगम, 300 लोगों ने लिया मेडिकल सेवाओं का लाभ

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ। मदर्स डे के अवसर पर सिंधी युथ क्लब सोसाइटी, लखनऊ एवं सिंध युथ क्लब सोसाइटी (महिला इकाई) द्वारा पूज्य शिव शांति संत आसुदाराम आश्रम, आलमबाग में भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर विशेष रूप से किशोर बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और कैंसर जागरूकता को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया, जिसमें HPV टीकाकरण अभियान प्रमुख आकर्षण रहा।
यह स्वास्थ्य शिविर पूज्य बाबा साईं के श्री चरणों को समर्पित रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन पूज्य साईं मोहन लाल साहिब, साईं हरीश लाल साहिब, उत्तर प्रदेश हिंदी अकादमी के निवर्तमान उपाध्यक्ष नानक चंद लखमानी, हेल्थ एजुकेशन ऑफिसर डॉ. कीर्ति नेहा तथा जीएसटी कमिश्नर नोएडा संदीप भाग्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर में चंदर नगर सरकारी हॉस्पिटल की ओर से विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल केयर सेंटर हॉस्पिटल के फिजिशियन डॉ. देवेश रजनी और स्त्री एवं इनफर्टिलिटी रोग विशेषज्ञ श्रीमती पियूष वाधवानी ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं तथा मरीजों को आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया।
संस्था के अध्यक्ष दर्पण लखमानी और महामंत्री अमर अठवानी ने बताया कि शिविर में लगभग 50 किशोर बालिकाओं को HPV वैक्सीन लगाई गई, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके अलावा करीब 300 लोगों ने स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण और मुफ्त दवा वितरण जैसी सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर तरुण सांगवानी, ऋषि राज, श्रीचंद साहित्य, सुदाम चंद चांदवानी, राकेश सेहता, पवन लखमानी, पंकज रायचंदानी, हैप्पी कुकरेजा, एडवोकेट सुमित नवलानी, तुषार राजपाल, राजेश हिरवानी, ज्योति सांगवानी, स्वाति पंजवानी, सुनीता तलरेजा, वीनू हिरवानी, जागृति तलरेजा, शिवम गुलवानी, अजीत जोगी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं शिव शांति आश्रम के सेवादार उपस्थित रहे।



