क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में हिंदी पखवाड़ा-2026 का भव्य समापन
ओजस्वी कवि सम्मेलन और पुरस्कारों की गूंज

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ में 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित ‘हिंदी पखवाड़ा-2026’ का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों में रुचि बढ़ाने तथा सरकारी कामकाज में इसके अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान
पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागों के साथ-साथ हिंदी निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में पासपोर्ट अधिकारी श्री ज्ञानवीर सिंह ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर कार्यालय का मान बढ़ाने वाली कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी सुश्री लकी सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सुश्री सिंह ने छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन की लोगो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नवी मुंबई में केंद्रीय मंत्रियों के हाथों यह गौरव हासिल किया था।
कवि सम्मेलन की फुहारों से सजी शाम
समारोह का मुख्य आकर्षण शानदार कवि सम्मेलन रहा। इसमें देश के ख्याति प्राप्त कवि श्री पंकज प्रसून, श्री गजेंद्र प्रियांशु, श्री कमल किशोर भावुक और श्रीमती रश्मि शरद ने अपनी रचनाओं से समा बांध दिया। हास्य, व्यंग्य, ओज और श्रृंगार रस से सजी कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पासपोर्ट अधिकारी ने सभी कवियों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन कार्यालय में राजभाषा के प्रति एक सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण स्थापित करने में पूरी तरह सफल रहा।




