यूपी में चिकित्सा का नया इतिहास: PGI में पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई पहचान”
“डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सराहा चिकित्सा चमत्कार—PGI बनेगा देश-दुनिया का अग्रणी स्वास्थ्य केंद्र”

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (PGI) में उत्तर प्रदेश का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनकर उभरा है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकीय टीम की सराहना करते हुए इसे भविष्य के लिए “मील का पत्थर” बताया।
सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की आधुनिक और सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि PGI आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
डिप्टी सीएम ने बताया कि संस्थान पर न केवल प्रदेश, बल्कि बिहार, नेपाल और अन्य राज्यों के मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जो इसकी गुणवत्ता का प्रमाण है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिसमें अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाना, विशेषकर ICU और क्रिटिकल केयर सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है।
उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं और ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली की भी सराहना की और कहा कि मरीजों को किसी भी स्थिति में उपचार से वंचित नहीं होना चाहिए। यदि बेड उपलब्ध न हो, तब भी प्राथमिक उपचार देना हर चिकित्सक की जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित परियोजनाओं और क्वालिटी केयर सुधारों को भी मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार PGI को देश का नंबर एक संस्थान बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर निदेशक प्रो० राधा कृष्ण धीमान, अपर प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग अमित घोष, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो० देवेंद्र गुप्ता, विभागाध्यक्ष, सी०वी०टी०एस० डॉ० एस०के० अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी, एस०जी०पी०जी०आई० प्रो० आदित्य कपूर, एनेस्थीसिया विभाग, एस०जी०पी०जी०आई० से प्रो० पुनीत गोयल एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।



