आग के बाद इंसानियत की जीत, लखनऊ में राहत की मिसाल
मुस्लिम यूथ ब्रदर्स ने थामे पीड़ितों के हाथ, तिरपाल बांटकर दी नई उम्मीद

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
लखनऊ के विकास नगर स्थित टेढ़ी पुलिया चौराहे के पास 15 अप्रैल की शाम हुए भीषण अग्निकांड ने सैकड़ों झुग्गी-झोपड़ियों को चंद मिनटों में राख में बदल दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद जहां एक ओर पीड़ित परिवार बेघर हो गए, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों और सामाजिक संगठनों ने मानवीयता की मिसाल पेश करते हुए राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इसी कड़ी में सामाजिक संस्था मुस्लिम यूथ ब्रदर्स उत्तर प्रदेश के युवा स्वयंसेवक शुरुआत से ही पीड़ितों की मदद में जुटे हुए हैं। संस्था ने न केवल तत्काल राहत पहुंचाई, बल्कि लगातार जरूरतमंदों को सहारा देने का कार्य भी जारी रखा हुआ है।
आज संस्था के पदाधिकारियों और वॉलिंटियर्स ने अग्नि पीड़ितों के बीच तिरपाल वितरित किए, ताकि तेज धूप और बदलते मौसम से उन्हें राहत मिल सके। इन तिरपालों की मदद से पीड़ित परिवार अपनी झुग्गियों को अस्थायी रूप से फिर से खड़ा कर सकेंगे और जीवन को धीरे-धीरे पटरी पर ला सकेंगे।
संस्था के संस्थापक एवं महासचिव हाफ़िज़ सैय्यद मुहम्मद वसी ने बताया कि इस त्रासदी के बाद से ही उनकी टीम लगातार राहत सामग्री जैसे खाद्य सामग्री, कपड़े और जरूरी सामान पीड़ितों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल मदद करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को दोबारा आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना भी है।
राहत वितरण के दौरान मौलाना कफ़ील सिद्दीक़ी, मुहम्मद मुमताज़ आलम, मौलाना हश्मतुल्लाह नदवी, हाफ़िज़ अमीर अहमद, हाफ़िज़ सरताज हाशमी, मुहम्मद फ़ुरक़ान और हाफ़िज़ महमूद अहमद समेत कई स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर व्यवस्थित तरीके से जरूरतमंदों तक तिरपाल पहुंचाए और उनकी समस्याओं को भी सुना।
स्थानीय लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब लोग निराशा में घिर जाते हैं, तब समाज के ऐसे संगठनों का सहयोग उन्हें नई उम्मीद देता है। राहत सामग्री वितरण के दौरान पीड़ितों के चेहरे पर राहत और आभार साफ दिखाई दे रहा था।
इस अग्निकांड ने भले ही कई परिवारों के आशियाने छीन लिए हों, लेकिन लखनऊवासियों की एकजुटता और सेवा भावना ने यह साबित कर दिया कि मुश्किल समय में इंसानियत सबसे बड़ी ताकत होती है।



