हाई ब्लड प्रेशर बना ‘साइलेंट किलर’, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
“Controlling Hypertension Together” अभियान में डॉक्टरों ने जगाई जागरूकता

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
विश्व उच्च रक्तचाप दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में देश के प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञों ने बढ़ते हाइपरटेंशन संकट को लेकर गंभीर चिंता जताई। “Controlling Hypertension Together” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को समय रहते सतर्क रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रो. ऋषि सेठी, प्रो. अक्षयया प्रधान, प्रो. मोनिका भंडारी, प्रो. अखिल शर्मा और उमेश त्रिपाठी ने भाग लेते हुए कहा कि हाई ब्लड प्रेशर आज तेजी से हर आयु वर्ग को अपनी चपेट में ले रहा है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, फास्ट फूड और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोग और स्ट्रोक के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
प्रो. ऋषि सेठी ने कहा कि हाइपरटेंशन एक “साइलेंट किलर” है, जो बिना लक्षण के शरीर को नुकसान पहुंचाता रहता है। उन्होंने नियमित ब्लड प्रेशर जांच को बेहद जरूरी बताया। वहीं प्रो. मोनिका भंडारी ने युवाओं और महिलाओं में तेजी से बढ़ते मामलों को चिंाजनक बताते हुए कहा कि अब जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
विशेषज्ञों ने लोगों से नमक कम खाने, नियमित व्यायाम करने, तनाव नियंत्रित रखने और पर्याप्त नींद लेने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य परामर्श और ब्लड प्रेशर जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
अंत में सभी विशेषज्ञों ने मिलकर समाज को स्वस्थ बनाने और हाइपरटेंशन के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।




