बिज़नेस

निवेशक जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईपीएफए और प्रसार भारती में समझौता

दूरदर्शन के जरिए निवेशकों तक पहुंचेगी सुरक्षित निवेश की जानकारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

नई दिल्ली। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के अधीन कार्यरत निवेशक शिक्षा और संरक्षण कोष प्राधिकरण (आईईपीएफए) ने निवेशकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सार्वजनिक सेवा प्रसारक प्रसार भारती के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल के तहत दूरदर्शन के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों पर सूचनात्मक स्क्रॉल संदेशों के माध्यम से लोगों तक निवेश संबंधी जरूरी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता आईईपीएफए की सीईओ एवं कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय की संयुक्त सचिव श्रीमती अनीता शाह अकेल्ला ने की। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता और निवेशकों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक प्रसारण मंचों का उपयोग बेहद प्रभावी साबित होगा। उन्होंने बताया कि दूरदर्शन जैसे विश्वसनीय माध्यम के जरिए निवेशक संरक्षण, बिना दावे के लाभांश, शेयरों की वापसी तथा सुरक्षित निवेश से जुड़ी जानकारी देश के दूरस्थ और कम सुविधा प्राप्त क्षेत्रों तक भी आसानी से पहुंच सकेगी।

इस समझौता ज्ञापन पर आईईपीएफए की ओर से महाप्रबंधक लेफ्टिनेंट कर्नल आदित्य सिन्हा तथा प्रसार भारती की ओर से उप महानिदेशक (बिक्री) श्री संजय प्रसाद ने हस्ताक्षर किए।

इस रणनीतिक साझेदारी का मुख्य उद्देश्य निवेशकों को बिना दावे के लाभांश और आईईपीएफए को हस्तांतरित शेयरों की वापसी प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है। अभियान के तहत लोगों को आईईपीएफ-5 फॉर्म के माध्यम से दावा दाखिल करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही सुरक्षित निवेश और धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आईईपीएफए का मानना है कि इस पहल से देशभर में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और एक जागरूक निवेशक समुदाय तैयार होगा।

Related Articles

Back to top button