बिज़नेस

विदेशों में भारतीय कंपनियों का निवेश बढ़ा, अप्रैल 2026 में 5.64 अरब डॉलर का निवेश

इक्विटी निवेश में जबरदस्त उछाल, RBI रिपोर्ट में सामने आई भारतीय कंपनियों की वैश्विक ताकत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारतीय कंपनियों का विदेशों में निवेश लगातार मजबूत हो रहा है। Reserve Bank of India द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 में भारतीय कंपनियों ने विदेशों में कुल 5.64 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक) का वित्तीय निवेश किया। यह निवेश इक्विटी, लोन और गारंटी के रूप में किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2026 में इक्विटी निवेश में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली। मार्च 2026 में जहां इक्विटी निवेश 1.61 अरब डॉलर था, वहीं अप्रैल में यह बढ़कर 3.36 अरब डॉलर पहुंच गया। इससे साफ है कि भारतीय कंपनियां अब विदेशों में कारोबार बढ़ाने और नए बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने पर जोर दे रही हैं।

हालांकि लोन के रूप में दिया गया निवेश मार्च की तुलना में घटा है। अप्रैल 2026 में यह 517.75 मिलियन डॉलर रहा, जबकि मार्च में यह 770.68 मिलियन डॉलर था। इसी तरह गारंटी जारी करने के आंकड़ों में भी कमी दर्ज की गई। अप्रैल में गारंटी आधारित निवेश 1.75 अरब डॉलर रहा, जो मार्च में 2.70 अरब डॉलर था।

कुल मिलाकर अप्रैल 2026 में कुल विदेशी निवेश प्रतिबद्धता 5.64 अरब डॉलर रही, जो मार्च 2026 के 5.08 अरब डॉलर से अधिक है। हालांकि पिछले वर्ष अप्रैल 2025 में यह आंकड़ा 6.32 अरब डॉलर था।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजारों में भारतीय कंपनियों की बढ़ती सक्रियता देश की आर्थिक मजबूती का संकेत है। विदेशों में निवेश बढ़ने से भारतीय कंपनियों को नए बाजार, तकनीक और व्यापारिक अवसर मिलते हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और निर्यात क्षमता को भी फायदा होता है।

RBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और अधिकृत बैंकों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग के आधार पर इनमें आगे बदलाव संभव है।


Related Articles

Back to top button