राष्ट्रीय
Jammu Accident: किश्तवाड़ में खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत, दो लापता

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पाडर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग लापता हैं। रविवार रात गढ़ के पास एक बोलेरो वाहन लगभग 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया। यह हादसा भोट नाल के पास हुआ, जहां वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
महिला ने दी हादसे की सूचना
सोमवार सुबह एक स्थानीय महिला ने दरिया किनारे टूटे वाहन और शवों को देखा। उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पाडर अठोली अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रशासन की तत्परता
घटना की जानकारी मिलने पर जिला उपायुक्त और पाडर नागसेनी के विधायक सुनील कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
लापता व्यक्तियों की खोज जारी
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के वक्त वाहन में कुल कितने लोग सवार थे। अगर वाहन में छह लोग थे, तो दो अब भी लापता हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि लापता लोग दरिया में बह गए या किसी अन्य स्थान पर फंसे हो सकते हैं।
मृतकों की पहचान
-
मुकेश कुमार (20 वर्ष), पुत्र मान सिंह
-
राज कुमार (22 वर्ष), पुत्र पना लाल
-
हकीकत सिंह (28 वर्ष), पुत्र सेवा राम
-
सतिश कुमार (26 वर्ष), पुत्र नाथ राम



