कानपुर में KDA का बड़ा एक्शन: 31 बीघे में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 71.5 बीघे को नोटिस
अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदने से बचें, आर्थिक नुकसान से बचने के लिए केडीए की आम जनता से अपील

– निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर में अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केडीए उपाध्यक्ष श्री अंकुर कौशिक और सचिव श्री अभय कुमार पांडेय के निर्देशन में प्रवर्तन (जोन-4) की टीम ने सनिगवां इलाके में करीब 31 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही अहिरवां और नगवां क्षेत्र में बिना ले-आउट पास कराए विकसित की जा रही 71.5 बीघा की चार अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया है।
3 घंटे तक चला बुलडोजर, अवैध निर्माण जमींदोज
केडीए के विशेष कार्याधिकारी और उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई सनिगवां की ‘आदर्श विहार सोसाइटी’ में की गई। यहाँ श्री अजब सिंह, सुरेंद्र कुशवाहा, हिमांशु व अन्य द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 31 बीघे में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। केडीए ने दो जेसीबी (JCB) मशीनों की मदद से लगातार 3 घंटे तक अभियान चलाकर अवैध रूप से बनाई जा रही सड़कों, नालियों, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभों, एंट्री गेट, सीवर लाइन और कई निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया।
4 अन्य अवैध साइटों पर सीलिंग की तलवार
इसके अलावा, केडीए ने अहिरवां और नगवां मौजा में करीब 71.5 बीघे पर विकसित की जा रही 4 अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया है। इन जमीनों पर अनिल वर्मा, पप्पू यादव, मोनू और अन्य लोग बिना नक्शा पास कराए काम कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि यदि निर्धारित समय में इनका सही जवाब नहीं मिला, तो इन्हें भी सील या ध्वस्त कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। केडीए ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्लाट को खरीदने से पहले केडीए से उसके ले-आउट और मानचित्र की जांच जरूर कर लें, ताकि भविष्य में भारी नुकसान से बचा जा सके।



