पूर्वी भारत का नया अध्याय: कोलकाता में ‘इंडिया एनर्जी वीक 2027’ का शंखनाद
वैश्विक ऊर्जा महाकुंभ का नया केंद्र

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा, नवाचार और सतत विकास के नए युग का सूत्रपात करते हुए भारत ‘इंडिया एनर्जी वीक (IEW) 2027’ के पांचवें संस्करण की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 28 से 31 जनवरी 2027 तक कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा परिदृश्य को नई दिशा देगा।
पूर्वी भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने आधिकारिक तौर पर इस आयोजन की घोषणा की। यह पहली बार है जब यह वैश्विक मंच पूर्वी भारत में कदम रख रहा है। यह पहल न केवल पश्चिम बंगाल में नए वैश्विक निवेश के द्वार खोलेगी, बल्कि रोजगार के अनगिनत अवसर और औद्योगिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगी।
भविष्य की ऊर्जा का त्रिवेणी संगम
“नवाचार को बढ़ावा, ऊर्जा सुरक्षा, भविष्य को आकार देना” थीम के तहत आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में 75,000 से अधिक ऊर्जा पेशेवरों, 700 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों और दर्जनों देशों के नीति-निर्माताओं के जुटने की उम्मीद है। यह मंच हाइड्रोकार्बन, एलएनजी, हाइड्रोजन, बायोफ्यूल्स और एआई जैसे आधुनिक क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारियों का गवाह बनेगा।
वैश्विक दक्षिण की आवाज बनता भारत
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की देखरेख में एफआईपीआई (FIPI) द्वारा आयोजित यह महाकुंभ भारत को दुनिया के ऊर्जा संवाद के केंद्र में स्थापित करता है। सुलभ, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा की आपूर्ति सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ यह आयोजन ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के लिए भी समृद्धि का नया रोडमैप तैयार करेगा।



