राष्ट्रीय
महाराष्ट्र: पुणे में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोगों की मौत की आशंका; डेढ़ महीने में दूसरी घटना

महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार सुबह एक गंभीर हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दो पायलट और एक इंजीनियर की मृत्यु हुई। यह हेलीकॉप्टर दिल्ली स्थित निजी कंपनी ‘हेरिटेज एविएशन’ का था और उसने ऑक्सफोर्ड काउंटी गोल्फ कोर्स के हेलीपैड से उड़ान भरी थी।
कोहरे के कारण दुर्घटना की आशंका
पिंपरी चिंचवाड़ के संयुक्त पुलिस आयुक्त शशिकांत महावरकर ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने सुबह 7:30 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन कोहरे के कारण वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा ऑक्सफोर्ड गोल्फ कोर्स के पास बावधन के पहाड़ी इलाके में हुआ। हेलीकॉप्टर में सवार दो पायलट और एक इंजीनियर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
तीन लोगों की मौत की पुष्टि
पिंपरी चिंचवाड़ के पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे ने बताया कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां और बचाव दल तुरंत पहुंच गए थे। मृतकों की पहचान गिरीश कुमार, प्रीतम सिंह भारद्वाज और परमजीत सिंह के रूप में हुई है।




