कानपुर

अवैध प्लाटिंग पर KDA का बुलडोजर, 66 बीघा में चला ध्वस्तीकरण अभियान

बिना स्वीकृति काटी जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई, कई निर्माण जमींदोज

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन जोन-3 में लगभग 66 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष श्री अंकुर कौषिक एवं सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।

फत्तेपुर, कानपुर नगर स्थित आराजी संख्या 454, 456, 472, 473, 474, 475, 478 सहित अन्य भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। केडीए की टीम ने लगभग तीन घंटे पैंतालीस मिनट तक लगातार अभियान चलाकर 04 जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार यह कार्रवाई अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों ने बताया कि जोन-3 क्षेत्र में 06 अन्य अवैध प्लाटिंग भी चिन्हित की गई हैं, जिनमें बिनगवां, रमईपुर, बिधनू और सेन पश्चिम पारा क्षेत्र शामिल हैं। यदि संबंधित पक्ष निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध भी सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि भूमि खरीदने से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

अभियान के दौरान अभियंताओं, सुपरवाइजरों एवं संबंधित थाने की पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। केडीए ने साफ किया कि अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button