राष्ट्रीय

मुंबई: चेंबूर में दर्दनाक हादसा, आग से परिवार के सात लोगों की मौत, तीन बच्चे भी शामिल

मुंबई के चेंबूर इलाके में रविवार सुबह एक बड़े हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एएन गायकवाड़ मार्ग पर स्थित एक दुकान में आग लगने से ऊपर के मकान में रह रहे एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित पूरा परिवार आग की चपेट में आ गया।
दुकान में लगी आग ने ली परिवार की जान
घटना चेंबूर की सिद्धार्थ कॉलोनी के एएन गायकवाड़ मार्ग पर सुबह 5 बजे घटी। बीएमसी ने जानकारी दी कि आग ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक दुकान में लगी थी, जिसके ऊपर मकान में परिवार रहता था। देखते ही देखते आग मकान तक पहुंच गई, जिसमें पूरे परिवार की जान चली गई। मृतकों की पहचान पारिस गुप्ता (7 वर्ष), नरेंद्र गुप्ता (10 वर्ष), मंजू प्रेम गुप्ता (30 वर्ष), प्रेम गुप्ता (30 वर्ष), अनिता गुप्ता (30 वर्ष), विधि चेदीराम गुप्ता (15 वर्ष), और गीता देवी धर्मदेव गुप्ता (60 वर्ष) के रूप में हुई है।
बिजली के तारों से फैली आग
एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल का उपयोग दुकान के रूप में किया जा रहा था, जबकि ऊपर का हिस्सा आवासीय था। आग की शुरुआत दुकान में बिजली के तारों और अन्य उपकरणों में हुई, जो जल्दी ही मकान तक फैल गई।

फायर ब्रिगेड ने 9.15 बजे आग पर काबू पाया
अग्निशमन विभाग को आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुबह 9:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। झुलसे हुए परिवार के सदस्यों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
जोन 6 के डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि घटना की सूचना सुबह 6 बजे मिली थी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि दुकान में सो रहे दो लोग बच गए। फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।
इस हादसे ने मुंबई में एक बार फिर आग से सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार को लेकर संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button