30 जून की डेडलाइन पास, टैक्स प्रोफेशनल्स को मिला ई-फाइलिंग का ‘गुरुमंत्र’
GSTAT ई-फाइलिंग पर महा-मंथन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) में अपील दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 जून 2026 नजदीक है। ऐसे में नए ई-फाइलिंग पोर्टल को लेकर कर पेशेवरों की तकनीकी और व्यावहारिक मुश्किलों को दूर करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। GSTAT लखनऊ पीठ और उत्तर प्रदेश जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण बार एसोसिएशन (UPGBA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस वेबिनार का मुख्य उद्देश्य ई-फाइलिंग प्रक्रिया को सरल और त्रुटिरहित बनाना था।
न्यायाधिकरण के दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस हाई-प्रोफाइल डिजिटल कार्यशाला में न्यायिक और तकनीकी जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए। कार्यक्रम में माननीय न्यायिक सदस्य श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव व श्री नरेंद्र कुमार, तकनीकी सदस्य (केंद्र) श्री आलोक चोपड़ा और तकनीकी सदस्य (राज्य) श्री अरविंद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही संयुक्त पंजीयक सुश्री अवंतिका यादव, सहायक पंजीयक श्री आशीष वर्मा और एनआईसी (NIC) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति से सत्र को मजबूत बनाया।
सीए ऋषभ मिश्रा ने दिया लाइव डेमो, एनआईसी ने दूर की शंकाएं
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए कुमार सौरभ ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस कार्यशाला को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। तकनीकी सत्र में विख्यात सीए ऋषभ मिश्रा ने स्टेप-बाय-स्टेप तरीके से GSTAT पोर्टल पर ई-फाइलिंग की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरी ओर एनआईसी के एक्सपर्ट्स ने कर पेशेवरों द्वारा पूछे गए पेचीदा तकनीकी सवालों और एरर्स का मौके पर ही सटीक समाधान किया।
देशभर से जुड़े 200 से अधिक टैक्स एक्सपर्ट्स
इस वेबिनार की गूंज सिर्फ उत्तर प्रदेश तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, विजयवाड़ा और सलेम सहित देश के विभिन्न कोनों से लगभग 200 से अधिक टैक्स प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने इस समयोचित पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यशाला 30 जून से पहले समयबद्ध और बिना किसी गलती के अपील फाइल करने में मील का पत्थर साबित होगी।



