PM Modi Lion Safari: प्रधानमंत्री मोदी ने गिर में जंगल सफारी का लिया आनंद, देखें खास तस्वीरें

गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर जूनागढ़ जिले के गिर वन्यजीव अभयारण्य में जंगल सफारी का आनंद लिया। सोमनाथ से आने के बाद उन्होंने सासण गिर के ‘सिंह सदन’ में रात्रि विश्राम किया। इससे पहले, रविवार शाम को उन्होंने सोमनाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की थी।

प्रधानमंत्री मोदी जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों और गिर के प्रसिद्ध एशियाई शेरों को करीब से देखने पहुंचे। इस सफारी में उनके साथ कुछ मंत्री और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। गिर वन्यजीव अभयारण्य के मुख्यालय सासण गिर में प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की सातवीं बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। इस बोर्ड में सेना प्रमुख, विभिन्न राज्यों के सचिव, वन्यजीव विशेषज्ञ और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी सासण में महिला वन कर्मचारियों से भी बातचीत करेंगे। इस मौके पर ‘प्रोजेक्ट लॉयन’ के तहत केंद्र सरकार द्वारा एशियाई शेरों के संरक्षण के लिए 2,900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर किए जाने की भी जानकारी दी गई। यह प्रोजेक्ट गिर के शेरों को संरक्षित करने और उनके आवास क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए चलाया जा रहा है।

इसके अलावा, जूनागढ़ जिले के न्यू पिपल्या में 20.24 हेक्टेयर भूमि पर एक ‘राष्ट्रीय रेफरल केंद्र’ स्थापित किया जा रहा है, जो वन्यजीवों के चिकित्सीय निदान और रोगों से बचाव में मदद करेगा। सासण गिर में वन्यजीव निगरानी के लिए उच्च तकनीक से युक्त एक निगरानी केंद्र और अत्याधुनिक अस्पताल भी बनाया गया है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को रिलायंस जामनगर रिफाइनरी परिसर में स्थित पशु बचाव केंद्र ‘वनतारा’ का भी दौरा किया। यह केंद्र बंदी हाथियों और अन्य वन्यजीवों के पुनर्वास और संरक्षण के लिए समर्पित है।



