राष्ट्रीय

रेलवे ने बदला नियम, अब 90 दिन नहीं, सिर्फ 60 दिन पहले की जा सकेगी ट्रेन टिकट की एडवांस बुकिंग

भारतीय रेलवे ने ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब यात्रियों को 1 नवंबर, 2024 से केवल 60 दिनों तक की एडवांस बुकिंग की सुविधा मिलेगी, जो पहले 90 दिन थी। इसका मतलब यह है कि यात्री अपनी यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले ही टिकट बुक कर सकेंगे, और इसमें यात्रा का दिन भी शामिल होगा।
इस बदलाव से विशेष रूप से उन लोगों को असर पड़ सकता है जो बड़े शहरों में काम या पढ़ाई के लिए रहते हैं और छुट्टियों के दौरान घर जाने के लिए पहले से ट्रेन टिकट बुक करना पसंद करते थे। पहले रेलवे 90 दिन पहले टिकट बुकिंग की सुविधा देता था, लेकिन अब यह सीमा घटाकर 60 दिन कर दी गई है।
रेलवे की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार, यह नियम 1 नवंबर से प्रभावी होगा। हालांकि, 31 अक्टूबर, 2024 तक की गई एडवांस बुकिंग पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। जिन यात्रियों ने 60 दिनों की सीमा से पहले टिकट बुक कर ली है, उन्हें अपनी टिकट रद्द कराने की अनुमति दी जाएगी।
हालांकि, ताज एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस जैसी कुछ विशेष ट्रेनों के लिए पहले से लागू कम समय सीमा वाले नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिन की एडवांस बुकिंग की सीमा भी यथावत रहेगी।
भारतीय रेलवे का यह कदम यात्रियों की टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया है।

Related Articles

Back to top button