कैनरा बैंक पर रिज़र्व बैंक का तगड़ा हंटर; नियमों को हवा में उड़ाने की मिली सजा, लगा ₹41.80 लाख का भारी जुर्माना!
चालू खातों को कागजों पर कर दिया 'मुर्दा'; ग्राहक कर रहे थे लेन-देन, RBI की जांच में खुला बैंक का बड़ा खेल!

निश्चय टाइम्स न्यूज़ डेस्क
देश के बैंकिंग सेक्टर से इस वक्त की एक बहुत ही चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आ रही है। ग्राहकों के भरोसे और सरकारी गारंटी पर चलने वाले देश के बड़े बैंकों में शुमार ‘कैनरा बैंक’ को रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने ज़बरदस्त करंट दिया है। केंद्रीय बैंक ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कैनरा बैंक पर ₹41.80 लाख का भारी-भरकम जुर्माना ठोक दिया है। रिज़र्व बैंक की इस दंडात्मक कार्रवाई के बाद पूरे बैंकिंग महकमे और वित्तीय गलियारों में हड़कंप मच गया है।
KYC अपडेशन में बरती गई घोर लापरवाही! जांच में खुलासा हुआ है कि कैनरा बैंक ने ‘नो योर कस्टमर’ (KYC) जैसे अति-संवेदनशील और महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों को पूरी तरह ठेंगे पर रख दिया था। नियमों के मुताबिक बैंक को अपने ग्राहकों के केवाईसी रिकॉर्ड्स एक तय समय सीमा के भीतर ‘सेंट्रल केवाईसी रिकॉर्ड्स रजिस्ट्री’ (CKYCR) पर अपलोड करने थे, लेकिन बैंक का लचर सिस्टम इस काम को डकार गया।
एक्टिव खातों को जबरन किया ‘इनऑपरेटिव’, ग्राहकों से धोखा! हद तो तब हो गई जब आरबीआई की ‘सुपरवाइजरी इवैल्यूएशन’ (ISE 2025) की खुफिया जांच में बैंक की एक और बड़ी मनमानी सामने आई। बैंक ने कई ऐसे चालू खातों को जबरन ‘इनऑपरेटिव’ (निष्क्रिय) घोषित कर दिया, जिनमें ग्राहकों ने एक साल से भी कम समय पहले खुद लेन-देन किया था। यानी ग्राहक अपनी गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन बैंक ने उन्हें ‘निष्क्रिय’ बताकर उनका गला घोंट दिया! जब आरबीआई ने कारण बताओ नोटिस जारी किया, तो बैंक के बड़े-बड़े दिग्गजों के पास कोई ठोस जवाब नहीं था। हालांकि आरबीआई ने कहा है कि इससे ग्राहकों के चालू एग्रीमेंट पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इस भारी जुर्माने ने सरकारी बैंक की साख पर बड़ा दाग ज़रूर लगा दिया है!



