गुरुद्वारा आलमबाग में गूंजा “सुखमनी साहिब” का पावन पाठ, श्रद्धा में डूबी संगत
साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी की शहादत को समर्पित भव्य धार्मिक श्रृंखला शुरू

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
साहिब श्री गुरु अर्जन Dev जी महाराज की पावन शहादत को समर्पित श्री सुखमनी साहिब पाठों की श्रृंखला का शुभारंभ गुरुद्वारा आलमबाग, लखनऊ में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हो गया। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 100 महिला संगत ने भाग लेकर गुरु चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। पूरे गुरुद्वारा परिसर में गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों और आध्यात्मिक वातावरण ने संगत को भाव-विभोर कर दिया।
यह पावन धार्मिक कार्यक्रम 6 मई से 14 जून 2026 तक निरंतर आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया जाएगा, जबकि प्रत्येक रविवार सुबह 5:30 बजे से 7 बजे तक विशेष पाठ का आयोजन होगा। संगत में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
श्रृंखला के अंतर्गत विशेष शहीदी कीर्तन समागम भी आयोजित किया जाएगा। यह समागम 13 जून 2026 को शाम 6:30 बजे से 10:30 बजे तक तथा 14 जून 2026 को सुबह 5:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संपन्न होगा। इस दौरान प्रसिद्ध रागी भाई साहिब भाई अमृतपाल सिंह जी, श्री अमृतसर से अपनी हाजिरी भरेंगे और गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन गुरु का लंगर भी संगत के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय इस्त्री सत्संग सभा, लखनऊ और गुरुद्वारा आलमबाग प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सेवा, सिमरन और लंगर सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
मीडिया प्रभारी सुरजीत कौर ने बताया कि यह आयोजन गुरु साहिब की शिक्षाओं, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।



