कानपुर रोडशो में छाई उत्तर प्रदेश की नई वस्त्र नीति
UPTEX 2026 के जरिए वैश्विक वस्त्र केंद्र बनेगा राज्य

कानपुर रोडशो में छाई उत्तर प्रदेश की नई वस्त्र नीति, UPTEX 2026 के जरिए वैश्विक वस्त्र केंद्र बनेगा राज्य
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और वस्त्र विनिर्माण को नई ऊंचाइयां देने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने हथकरघा एवं वस्त्र निदेशालय, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से कानपुर में एक भव्य ‘UPTEX रोडशो’ का आयोजन किया। आगामी 8-9 सितंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘UPTEX 2026’ की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नीति-निर्माताओं, वस्त्र निर्माताओं, निर्यातकों और उद्योग जगत के दिग्गजों को एक मंच पर लाकर नीतिगत चर्चाओं को नया आयाम दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के खादी, ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री श्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के ओसस्वी नेतृत्व में राज्य का बुनियादी ढांचा तेजी से मजबूत हुआ है, जिससे औद्योगिक विकास के लिए एक स्वर्णिम युग की शुरुआत हुई है। ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना ने पारंपरिक कारीगरों को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि नई वस्त्र नीति के अंतर्गत राज्य सरकार उद्योगों के विस्तार और नई इकाइयों की स्थापना के लिए आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहन और रियायतें दे रही है, जिससे उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख टेक्सटाइल हब बन रहा है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर के मंडलायुक्त एवं उद्योग निदेशक श्री के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि कानपुर का वस्त्र और विशेष रूप से रक्षा एवं तकनीकी वस्त्रों (Technical Textiles) के क्षेत्र में ऐतिहासिक नेतृत्व रहा है। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे लखनऊ में होने वाले UPTEX 2026 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राज्य सरकार की योजनाओं, सब्सिडी तथा आधुनिक व्यावसायिक अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।
हथकरघा एवं वस्त्र निदेशालय के संयुक्त आयुक्त श्री प्रमोद चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह समय वस्त्र क्षेत्र में आधुनिकीकरण, निर्यात और रोजगार के नए आयाम गढ़ने का है। नई वस्त्र नीति को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुकूल बनाने में उद्यमियों के सुझाव अत्यंत मूल्यवान हैं। CII कानपुर जोन के चेयरमैन श्री गौरव पिलानिया और वाइस-चेयरमैन श्री सुदीप गोयनका ने कानपुर के मजबूत औद्योगिक आधार को रेखांकित करते हुए तकनीकी उन्नयन और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
चर्चा के दौरान Threads India के वाइस प्रेसिडेंट श्री मनीष बलानी, Meenu Creations के सीईओ श्री अमन पेशावरी और Universal Yarns के एमडी श्री राजीव किशोर भारतीय ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, वैश्विक बाजारों में सस्टेनेबिलिटी (स्थायित्व) और कौशल विकास की अनिवार्यता पर अपने महत्वपूर्ण विचार रखे। कार्यक्रम में एमएसएमई को सहयोग, निवेश सुगमता और तकनीकी वस्त्रों के विकास पर विस्तृत मंथन किया गया।



