भारत टेक्स 2026 हुआ डिजिटल, लॉन्च हुआ AI-संचालित स्मार्ट मोबाइल ऐप

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
Ministry of Textiles की सचिव Neelam Shami Rao ने भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप लॉन्च कर देश के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन को डिजिटल पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यह ऐप खरीदारों, प्रदर्शकों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, वक्ताओं और व्यापारिक आगंतुकों के लिए एकीकृत डिजिटल साथी के रूप में कार्य करेगा।
Bharat Tex 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक Bharat Mandapam में किया जाएगा। कार्यक्रम में दुनिया भर से 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
सरकार के अनुसार यह ऐप आयोजन में “डिजिटल-फर्स्ट” अनुभव उपलब्ध कराएगा। प्रतिभागी इसके जरिए प्रदर्शकों की खोज, बी2बी मीटिंग शेड्यूल, डिजिटल बैज, लीड कैप्चर, फ्लोर नेविगेशन, लाइव अपडेट और नॉलेज सेशन तक पहुंच जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
ऐप की सबसे खास विशेषता इसका AI Smart Assistant है, जो प्रतिभागियों को 24×7 संवादात्मक सहायता प्रदान करेगा। उपयोगकर्ता सामान्य भाषा में प्रश्न पूछ सकेंगे और उन्हें कार्यक्रम, स्टॉल लोकेशन, दिशा-निर्देश तथा शेड्यूल से जुड़ी जानकारी तुरंत प्राप्त होगी।
आयोजकों का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म टेक्सटाइल उद्योग में नेटवर्किंग और व्यापारिक जुड़ाव को नई गति देगा। प्रदर्शक और खरीदार आसानी से मीटिंग तय कर सकेंगे, उपलब्धता प्रबंधित कर सकेंगे और QR आधारित लीड कैप्चर तकनीक के जरिए व्यापारिक संपर्क सुरक्षित रख सकेंगे।
भारत टेक्स 2026 में फाइबर, यार्न, फैब्रिक, परिधान, टेक्निकल टेक्सटाइल, हैंडलूम, हस्तशिल्प और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी सहित संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री के “5F विजन” — Farm to Fiber to Factory to Fashion to Foreign — को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



