स्केटिंग ट्रैक पर चमके एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल के सितारे
“ग्लाइड टू ग्लोरी” चैंपियनशिप में विद्यार्थियों ने जीते मेडल, बढ़ाया स्कूल का मान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
दिल्ली पब्लिक स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन में आयोजित “ग्लाइड टू ग्लोरी इंटर-स्कूल स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27” में एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल एंड स्पोर्ट्स एकेडमी, बीकेटी सीतापुर रोड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन एस.आर. इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने अपनी गति, संतुलन और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के दौरान कक्षा 7-ए की छात्रा रिधिमा गुप्ता ने 10-12 वर्ष आयु वर्ग की लैप-3 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी बेहतरीन स्केटिंग तकनीक और संतुलन ने दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं कक्षा 5-बी के छात्र स्पर्श प्रियदर्शी ने 8-10 वर्ष आयु वर्ग की लैप-5 स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को एक और गौरव दिलाया।
विद्यालय की वाइस चेयरपर्सन ने दोनों विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल बच्चों के आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या ने भी विजेता छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि स्कूल लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर रहा है।
इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।



