UP में अब हर पब्लिक वाहन पर होगी डिजिटल नजर, VLTD नियमों में बड़ा बदलाव
बस-टैक्सी मालिकों को राहत, सरकार ने कई नई कंपनियों को दी VLTD मंजूरी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक सेवा वाहनों की सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। परिवहन विभाग ने 1 जनवरी 2019 से पहले और बाद में पंजीकृत सभी पब्लिक सर्विस वाहनों के लिए नए नियम लागू करते हुए कई नई कंपनियों और मॉडलों को मंजूरी दी है।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Dayashankar Singh ने बताया कि शासन का उद्देश्य यात्रा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है। इसके तहत अब सार्वजनिक सेवा वाहनों में VLTD फिटमेंट और एक्टिवेशन को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों को अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
सरकार ने PSDN Technology Pvt Ltd, Acute Communication Services Pvt Ltd, APM Group Pvt Ltd और Uno Minda Limited जैसी कंपनियों को विभिन्न वाहन निर्माताओं के साथ डिवाइस फिटमेंट की मंजूरी दी है। इसके अलावा Rosmerta Autotech, Blackbox GPS Technology और Watsoo Express जैसी पहले से अधिकृत कंपनियों के दायरे का भी विस्तार किया गया है। अब इन कंपनियों की डिवाइसें Honda, Toyota, MG Motors, BMW और Force Motors जैसे वाहनों में भी लगाई जा सकेंगी।
परिवहन विभाग ने पुराने वाहनों के लिए भी राहत दी है। 1 जनवरी 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों में फिटमेंट और एक्टिवेशन के लिए Road Point Limited, Track Now Private Limited और Blackbox GPS Technology को भी मंजूरी दी गई है। इससे पुराने कमर्शियल वाहनों के मालिकों को आसानी होगी।
हालांकि Hyundai वाहनों के लिए एक बड़ा बदलाव भी किया गया है। Hyundai द्वारा प्राधिकरण पत्र वापस लेने के बाद Rosmerta Autotech को Hyundai वाहनों के लिए दी गई अनुमति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
परिवहन मंत्री ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत कंपनियों से ही VLTD डिवाइस लगवाएं और समय से एक्टिवेशन कराएं। शासन ने सभी RTO और ARTO कार्यालयों को निर्देश जारी कर इस प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं।



