उत्तर प्रदेश

गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन—अब 60% एक्सप्रेसवे वाला राज्य बना यूपी

औद्योगिक विकास को नई रफ्तार—नन्दी बोले, विकास का स्वर्णिम अध्याय शुरू

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।

उत्तर प्रदेश ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाते हुए खुद को देश का सबसे तेज़ी से विकसित होता एक्सप्रेसवे राज्य साबित कर दिया है। गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ ही प्रदेश अब देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा अपने नाम कर चुका है। इस मौके पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और समर्पण का सशक्त प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जीवनरेखा हैं। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए इस एक्सप्रेसवे का नाम रखा गया है, जो प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने जा रहा है।

नन्दी ने कहा कि जिस तरह गंगा का जल भूमि को उपजाऊ बनाता है, उसी प्रकार यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इससे निवेश, परिवहन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले नौ वर्षों में नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुन्देलखण्ड, पूर्वांचल, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

गंगा एक्सप्रेसवे प्रयागराज को देश की राजधानी से जोड़ते हुए विकास की नई धारा प्रवाहित करेगा। यह परियोजना न केवल यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि औद्योगिक गलियारे के रूप में भी प्रदेश को नई पहचान दिलाएगी।

यह उद्घाटन प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियों में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश को ‘एक्सप्रेस प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम है।

Related Articles

Back to top button