अफवाहों के बीच तेल कंपनियों की सफाई, यूपी में पेट्रोल-डीजल स्टॉक को लेकर जारी हुआ बड़ा बयान”
“घबराहट में खरीदारी न करें: तेल कंपनियों ने कहा- यूपी में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य”

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर फैल रही चर्चाओं और संभावित अफवाहों के बीच राज्य स्तरीय समन्वयक तेल उद्योग, उत्तर प्रदेश ने बड़ा बयान जारी कर स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश में कुल 13,168 पेट्रोल पंप और 28 सप्लाई डिपो लगातार सक्रिय हैं। प्रतिदिन औसतन 20 TKL पेट्रोल और 33 TKL डीजल की आपूर्ति की जा रही है। कंपनियों ने दावा किया कि मौजूदा स्टॉक औसतन 14 दिनों की बिक्री के लिए पर्याप्त है।
एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी विभाग ने सफाई देते हुए कहा कि प्रदेश में 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को 4,143 वितरकों और 36 बॉटलिंग प्लांटों के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। प्रतिदिन करीब 8 लाख सिलेंडर डिलीवर किए जा रहे हैं।
हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि अगर आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तो जनता को “घबराकर खरीदारी न करने” की अपील आखिर क्यों करनी पड़ी? विपक्षी हलकों और उपभोक्ता समूहों में चर्चा है कि इस तरह की अपीलें अक्सर तब सामने आती हैं जब बाजार में असमंजस या संभावित दबाव की स्थिति बनती है।
तेल कंपनियों ने जनता से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही डिजिटल बुकिंग और DAC प्रणाली के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है।



