तकनीक

लखनऊ में पोल्ट्री कॉन्क्लेव 2026—उद्योग को मिलेगी नई उड़ान

नवाचार, निवेश और ग्रामीण सशक्तिकरण पर मंथन 15-16 अप्रैल को

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

। उत्तर प्रदेश में पोल्ट्री उद्योग को नई दिशा और गति देने के उद्देश्य से 15 एवं 16 अप्रैल, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में ‘उत्तर प्रदेश पोल्ट्री कॉन्क्लेव-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश के नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और उद्यमी एक मंच पर जुटेंगे।

कॉन्क्लेव का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल करेंगे, जबकि प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह और दिनेश प्रताप सिंह भी उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पशुपालन विभाग और पोल्ट्री इंडिया द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।

पहले दिन तकनीकी सत्रों में बाजार लिंकेज, बैकयार्ड पोल्ट्री, नीति समर्थन, निवेश के अवसर और ग्रामीण सशक्तिकरण जैसे अहम विषयों पर गहन चर्चा होगी। विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के विकल्पों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही सफलता की कहानियां, पैनल चर्चा और पुस्तक विमोचन जैसे आकर्षक आयोजन भी होंगे।

दूसरे दिन आयोजित ‘इन्वेस्टर्स समिट’ में पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष मंथन होगा। सस्टेनेबल फार्मिंग, पोल्ट्री अपशिष्ट प्रबंधन और एंटीबायोटिक-मुक्त उत्पादों के बढ़ते ट्रेंड पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। समापन सत्र में प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया और सुझावों के साथ कार्यक्रम का निष्कर्ष निकाला जाएगा।

इस कॉन्क्लेव में पोल्ट्री पालक, हैचरी संचालक, स्टार्टअप, वैज्ञानिक, पशु चिकित्सक और छात्र बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यह आयोजन न केवल नेटवर्किंग का मंच बनेगा, बल्कि प्रदेश को पोल्ट्री हब बनाने की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा।

पशुपालन विभाग ने इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निःशुल्क पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीकों व निवेश संभावनाओं से जुड़ें

Related Articles

Back to top button