परिवहन आयुक्त ने बदायूं एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित कार्य जल्द निपटाने के निर्देश
ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की व्यवस्थाओं परखी गईं, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
बदायूं। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश आशुतोष निरंजन (आईएएस) ने शुक्रवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं और लंबित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के सभी पटलो का गहन निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
परिवहन आयुक्त ने लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने बकाया वाहनों से संबंधित नोटिस एवं रिकवरी की प्रक्रिया को भी नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड रूम और कॉन्फ्रेंस हॉल का भी जायजा लिया गया। कार्यालय में चल रहे रिनोवेशन कार्य को देखते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रिकॉर्ड का रखरखाव व्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके बाद परिवहन आयुक्त ने जनपद में संचालित एक्रीडिटेशन ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सेंसर युक्त ट्रैक पर टेस्टिंग प्रक्रिया, सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण, क्लासरूम और डिस्प्ले रूम का अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल संचालक को निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रभावी और बेहतर ड्राइविंग प्रशिक्षण से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है, इसलिए प्रशिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
निरीक्षण के दौरान उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र कमल गुप्ता, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) पंकज सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम, माल एवं यात्री कर अधिकारी अभिनव चौधरी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




