हेल्थ

मृत्यु दर शून्य करने का लक्ष्य, हेल्थ सिस्टम को टेक्नोलॉजी से करेंगे मजबूत

Brajesh Pathak बोले—हर गर्भवती का 100% रजिस्ट्रेशन, निजी अस्पतालों पर कड़ी निगरानी

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)

उत्तर प्रदेश में मातृ मृत्यु दर को शून्य करने के लक्ष्य के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में सरकार ने ठोस रणनीति तैयार की है। योजना भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने “मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा संकल्प योजना” के तहत तैयार रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाना होगा, जिसमें अस्पतालों की गुणवत्ता सुधार, मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करना, मानव संसाधन क्षमता बढ़ाना और तकनीक आधारित समाधान शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर रखने और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में प्रस्तुत रोडमैप के अनुसार, 2030 तक मैटरनल मॉर्टेलिटी रेशियो में उल्लेखनीय कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन विकसित करने का प्रस्ताव है, जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं का 100 प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की ट्रैकिंग बेहतर की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके नेटवर्क को अधिक सशक्त, जवाबदेह और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने और सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेडिकल कॉलेजों के लिए मापनीय लक्ष्य निर्धारित करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के फंड का प्रभावी उपयोग करने और स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी) में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का भी सुझाव दिया।

बैठक में सहालकार, मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, महानिदेशक, स्वास्थ्य पवन कुमार अरुण, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पिंकी जोएल, विशेष सचिव अर्चना वर्मा, विशेष सचिव कृतिका शर्मा एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button