‘एक महासागर, एक मिशन’ के साथ बढ़ा भारत-सिंगापुर सहयोग—SAGAR विजन को नई मजबूती
सिंगापुर में भारत की समुद्री ताकत का प्रदर्शन: INS सुनायना का भव्य स्वागत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
भारतीय नौसेना का हिंद महासागर पोत INS Sunayna, जो IOS SAGAR मिशन के तहत तैनात है, 26 अप्रैल 2026 को Changi Naval Base, सिंगापुर पहुंचा। यह इस मिशन का चौथा महत्वपूर्ण पोर्ट कॉल है, इससे पहले पोत Male, Phuket और Jakarta में भी रुक चुका है।
16 मित्र देशों के बहुराष्ट्रीय दल के साथ तैनात इस पोत का सिंगापुर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जो भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत समुद्री संबंधों का प्रतीक है। सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त Shilpak Ambule ने जहाज पर पहुंचकर चालक दल से मुलाकात की और SAGAR विजन के तहत उनके योगदान की सराहना की।
पोत के कमान अधिकारी Siddharth Chaudhary ने Kranji War Memorial पर श्रद्धांजलि अर्पित की और सिंगापुर गणराज्य नौसेना के अधिकारियों के साथ मुलाकात कर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान जहाज आम लोगों, स्कूली बच्चों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए भी खोला गया, जिससे उन्हें नौसेना जीवन का अनुभव मिला।
27 अप्रैल को ‘एक महासागर, एक मिशन’ थीम पर एक विशेष दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें चालक दल और भारतीय प्रवासी समुदाय ने भाग लेकर समुद्री जागरूकता और एकता का संदेश दिया। इसके अलावा, भारतीय और सिंगापुर नौसेनाओं के बीच पेशेवर आदान-प्रदान, संयुक्त योग सत्र और डेक रिसेप्शन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
आगामी दिनों में दल द्वारा नेविगेशन सिमुलेटर, सूचना संलयन केंद्र और नौसेना संग्रहालय का दौरा किया जाएगा, जिससे दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग और मजबूत होगा।



