गोमती नगर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बीएचएमएस छात्रों का शैक्षणिक धमाका
150 छात्रों ने सीखी सुरक्षित जल आपूर्ति की वैज्ञानिक प्रक्रिया, जनस्वास्थ्य की समझ हुई मजबूत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
: राजकीय नेशनल होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, गोमती नगर के बीएचएमएस तृतीय एवं अंतिम वर्ष के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कर व्यवहारिक ज्ञान की नई ऊंचाइयों को छुआ। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार पुष्कर के मार्गदर्शन में आयोजित यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
कम्युनिटी मेडिसिन, रिसर्च मेथाडोलॉजी एंड बायोस्टैटिस्टिक्स विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को जल शोधन की वैज्ञानिक प्रक्रिया, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति प्रणाली और जल जनित रोगों की रोकथाम के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कच्चे जल के संग्रहण से लेकर सेडिमेंटेशन, फिल्ट्रेशन, क्लोरीनेशन और अंतिम वितरण तक की पूरी प्रक्रिया का गहन अध्ययन किया। आधुनिक मशीनरी, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षित जल प्रबंधन प्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
प्रोफेसर (डॉ.) विश्वजीत गुप्ता और डॉ. प्रियंका भट्ट के निर्देशन में छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं जलकल विभाग की टीम—श्री गया प्रसाद सिंह, श्री ललित श्रीवास्तव, श्री इंद्रजीत और मिस महिमा—ने तकनीकी जानकारी देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्राचार्य डॉ. पुष्कर ने कहा कि स्वच्छ पेयजल किसी भी स्वस्थ समाज की नींव है और ऐसे भ्रमण छात्रों को वास्तविक जनस्वास्थ्य चुनौतियों को समझने में सक्षम बनाते हैं।
छात्रों ने इस भ्रमण को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें जल प्रबंधन और रोग निवारण की व्यावहारिक समझ मिली।



