राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मॉडर्न कोच फैक्ट्री का किया दौरा, चिंतन शिविर में दिए सुशासन के मंत्र
आत्मनिर्भर भारत में एमसीएफ की भूमिका की सराहना, नई मशीनों का किया उद्घाटन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
रायबरेली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF), रायबरेली का दौरा किया और राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित चिंतन शिविर एवं प्रबंधन दक्षता संवर्धन कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक कार्यशैली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
चिंतन शिविर के दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यकुशलता, बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रणनीतिक और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता टीमवर्क, अनुशासन और नवाचार पर निर्भर करती है।
कार्यक्रम में पारदर्शी प्रशासन, नवाचार आधारित कार्य संस्कृति और बेहतर प्रबंधन से जुड़े विषयों पर समूह चर्चा भी आयोजित की गई। राज्यपाल ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि सकारात्मक कार्य संस्कृति और सामूहिक प्रयास किसी भी संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
इस अवसर पर मॉडर्न कोच फैक्ट्री के महाप्रबंधक रमन कृष्णन ने एमसीएफ की उपलब्धियों और बीते वर्षों में हासिल की गई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एमसीएफ रेलवे को आधुनिक कोच और तकनीकी रूप से उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसके बाद राज्यपाल ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया तथा व्हील शॉप में नई स्थापित मशीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने “आत्मनिर्भर भारत” और “मेक इन इंडिया” अभियान को मजबूत करने में एमसीएफ के योगदान की सराहना की।
महाप्रबंधक रमन कृष्णन और प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे ने राज्यपाल को कोच और व्हील निर्माण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। पूरा कार्यक्रम गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




