सस्ता और आसान न्याय पहुंचाने निकला अभियान, 9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रशासन अलर्ट
लोक अदालत का बिगुल! गांव-गांव दौड़ेगा PRV वाहन, जनता को मिलेगा त्वरित न्याय

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ। आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ ने बड़ा जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ मलखान सिंह ने जनपद न्यायालय परिसर से पीआरवी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह विशेष प्रचार वाहन लखनऊ की सभी तहसीलों, ब्लॉकों और दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक करेगा। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक वादकारियों को लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का त्वरित और सुलभ समाधान कराने के लिए प्रेरित करना है।
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सस्ता, सरल और शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से लोक अदालत में कराएं और न्यायिक प्रक्रिया को आसान बनाएं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण विवाद, बिजली-पानी बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, राजस्व मामले तथा अन्य समझौतायोग्य वादों का निस्तारण किया जाएगा। इससे लोगों को लंबे समय तक कोर्ट के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट और जिले की सभी तहसीलों में किया जाएगा। प्रशासन की ओर से इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज प्रकाश तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी किरन यादव सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, पैनल अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक और डिफेंस काउन्सिल मौजूद रहे।



