“कीर्ति नमन 2026” में गूंजा शौर्य का सम्मान, शहीद शशांक तिवारी को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि
3 साल के मासूम ने वीर चाचा को किया सलाम, भावुक हुआ पूरा सभागार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी एवं सेंचूरियन फाउंडेशन द्वारा आयोजित “कीर्ति नमन 2026” कार्यक्रम में शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी ‘कीर्ति चक्र’ मरणोपरांत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सबसे भावुक क्षण तब आया, जब शहीद के तीन वर्षीय भतीजे ने मंच पर पहुंचकर अपने वीर चाचा को नमन किया। मासूम बच्चे के चेहरे पर गर्व और आंखों में अपनापन देखकर पूरा सभागार भावुक हो उठा। हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ वीर परिवार के साहस और त्याग को सलाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak ने कहा कि लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीद का परिवार पूरे देश के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ियां उनके साहस से राष्ट्रसेवा की सीख लेंगी।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी ने 22 मई 2025 को सिक्किम में एक सैन्य अभियान के दौरान पहाड़ी नदी में गिरे एक अग्निवीर साथी को बचाते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शहीद की बहन वैष्णवी और जीजा देव को सम्मानित किया गया। सेंचूरियन डिफेंस एकेडमी के अध्यक्ष शिशिर दीक्षित ने कहा कि शशांक तिवारी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। वहीं सेंचूरियन फाउंडेशन के अध्यक्ष हेमंत दीक्षित ने उनके बलिदान को निस्वार्थ सेवा और नेतृत्व का सर्वोच्च उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान मॉक टेस्ट के परिणाम भी घोषित किए गए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। “कीर्ति नमन 2026” सिर्फ एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, बलिदान और अमर रिश्तों की ऐसी मिसाल बन गया, जिसने हर आंख को नम कर दिया।




